भोपाल। शहर में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। भानपुर ब्रिज से अयोध्या बायपास, मिनाल गेट नंबर-3 से जेके रोड होते हुए आईटीआई और गोविंदपुरा से प्रभात चौराहे तक जाम के हालात बने हुए हैं। वाहन चालक रोजाना घंटों जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं।
मेट्रो निर्माण के कारण यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्सन लागू किया है, लेकिन वैकल्पिक रास्तों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में डायवर्ट किए गए मार्गों पर भी लगातार जाम लग रहा है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है।
इंडस्ट्रियल एरिया के अंदरूनी रास्तों पर भी बढ़ा दबाव
मुख्य सड़कों पर जाम से बचने के लिए वाहन चालक गोविंदपुरा, जेके रोड और प्रभात चौराहे की ओर आने-जाने के लिए इंडस्ट्रियल एरिया के अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे इन संकरी सड़कों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ गई है और यहां भी जाम की स्थिति बनने लगी है।
वाहन चालकों का कहना है कि जाम के दौरान कई जगह यातायात पुलिस के जवान नजर नहीं आते। ऐसे में ट्रैफिक नियंत्रित करने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान प्रमुख चौराहों पर पुलिस की तैनाती और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत है।
17 नवंबर तक लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्सन प्लान
भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते आईटीआई तिराहे से पिपलानी पेट्रोल पंप तिराहे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने 27 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक के लिए डायवर्सन प्लान लागू किया है।
इस अवधि में प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा, अवधपुरी, जेके रोड और मिनाल की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा।
ट्रैफिक पुलिस की अपील- वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य की अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। इससे आवागमन को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।




