मंडला के युवक ने जबलपुर की नाबालिग से स्नेपचेट पर दोस्ती की और फिर उसे कान्हा नेशनल पार्क घुमाने का कहकर मंडला बुलाया। जहां दोस्त के घर में तीन दिन बंधक बनाकर उसने और उसके दोस्त ने रेप किया। इसके बाद घर के मालिक ने भी रेप किया। जैसे-तैसे जबलपुर पहुंची किशोरी ने माता-पिता को सारी बात बताई। किशोरी की शिकायत पर देर रात गढ़ा थाना पुलिस ने गैंग रेप का प्रकरण दर्ज किया है। जबलपुर पुलिस की एक टीम मंडला में डेरा डालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सातवीं में पढ़ने वाली किशोरी की 6 माह पहले मंडला जिले के राजन से स्नेपचेट पर दोस्ती हुई। दोनों के बीच अकसर बातें होने लगीं। इसी बीच दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर ले लिया। चार दिन पहले राजन ने किशोरी को फोन लगाया और कान्हा नेशनल पार्क घुमाने का झांसा देकर मंडला बुलाया। किशोरी बहकावे में आ गई और सहेली के घर जाने के बहाना बनाकर 26 अप्रेल को मंडला पहुंच गई। राजन उसे अपने दोस्त के घर ले गया, जहां तीन दिन बंधक बनाकर राजन और उसके दोस्त ने रेप किया।
जबलपुर में भी दोस्त हैं, तेरे घर तक पहुंच जाएंगे
राजन और उसका दोस्त बुधवार दोपहर किशोरी को बाइक पर बैठाकर मंडला बस स्टैंड पहुंचा और यह कहते हुए किशोरी को बस में बैठा दिया कि अगर घर या पुलिस को कुछ भी बताया तो ठीक नहीं होगा। राजन ने धमकी दी कि जबलपुर में भी उसके दोस्त हैं, जो कि तेरे घर तक पहुंच सकते हैं।
मां को बताई सारी घटना
बुधवार की रात को जबलपुर पहुंची किशोरी ने अपनी मां को बताया कि वह सहेली के यहां नहीं बल्कि अपने एक दोस्त राजन से मिलने मंडला गई थी, जिसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रेप किया और धमकी देते हुए भेज दिया। देर रात किशोरी को लेकर परिवार वाले गढ़ा थाने पहुंचे और दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। किशोरी की रिपोर्ट पर जबलपुर पुलिस ने राजन और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ रेप और पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों को पकड़ने पुलिस मंडला रवाना
पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि जब राजन उसे अपने साथ ले गया था, उस दौरान बहुत अंधेरा था, बाइक में कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि रास्ता कहां का और कैसा है। उसने पुलिस को बताया कि जिस दौरान राजन अपने दोस्त के साथ बस स्टैंड छोड़ने आया था, उस दौरान भी बहुत ही सकरी गलियाें से लाया था, जिसके चलते रास्ता ध्यान नहीं है।
