रोहित शर्मा को तीन साल बाद एक बार फिर मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया है। वे हार्दिक पंड्या की जगह टीम की कमान संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
रोहित 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं। उनकी अगुआई में टीम ने पांच बार IPL का खिताब जीता। इसके अलावा 2013 में मुंबई ने चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी भी अपने नाम की थी।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस पिछले तीन सीजन में केवल एक बार प्लेऑफ में पहुंच सकी। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में भेज दिया। उनके बदले तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया गया है।
रोहित ने तिलक वर्मा को कप्तान बनाने का दिया था सुझाव
न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना होने से पहले फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा से कप्तानी को लेकर बातचीत की थी। इस दौरान रोहित ने तिलक वर्मा को टीम की कमान सौंपने का सुझाव दिया था।
हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से बार-बार आग्रह किए जाने के बाद रोहित दोबारा कप्तानी संभालने के लिए राजी हो गए।
2013 में पहली बार कप्तानी मिली, उसी सीजन बनाया चैंपियन
रोहित शर्मा को IPL 2013 के बीच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी सौंपी गई थी। उस समय ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग टीम की कमान संभाल रहे थे। शुरुआती छह मैचों में मुंबई को तीन जीत मिली थीं। वहीं, पोंटिंग का बल्ला भी नहीं चल रहा था। ऐसे में उन्होंने खुद को प्लेइंग-11 से बाहर रखने का फैसला किया और कप्तानी छोड़ दी।
उस समय मुंबई की टीम में सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद थे, जो पहले कप्तानी कर चुके थे। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए 26 वर्षीय रोहित शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी।
रोहित ने 24 अप्रैल 2013 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहली बार मुंबई की कप्तानी की। टीम ने उसी सीजन IPL का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह मुंबई इंडियंस का पहला IPL खिताब था।







































