ग्वालियर के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक मार्केट राजीव प्लाजा में करोड़ों रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां ‘द मोबाइल प्लस’ और ‘स्मार्ट जोन’ के नाम से दुकानें संचालित करने वाले कारोबारी अमित हबलानी पर परिवार के साथ रात के अंधेरे में दुकान का पूरा स्टॉक समेटकर फरार होने का आरोप लगा है। कारोबारी की शहर में कुल 7 दुकानें हैं। मंगलवार को सभी दुकानों पर ताले लटके मिले। आरोप है कि अमित हबलानी ने ग्वालियर के 15 से अधिक थोक मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान के कारोबारियों से करोड़ों रुपए का माल उधार लिया था। मंगलवार शाम पीड़ित व्यापारियों ने इंदरगंज थाने पहुंचकर कारोबारी, उसकी पत्नी और पिता के खिलाफ धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी और पिता के साथ मिलकर चलाते थे दुकानें इंदरगंज थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, सेवा नगर और श्रुति एन्क्लेव स्थित द्वारिका भवन निवासी अमित हबलानी मोबाइल कारोबारी हैं। वह अपनी पत्नी कनिका हबलानी और पिता मोतीलाल हबलानी के साथ राजीव प्लाजा की पहली मंजिल पर ‘द मोबाइल प्लस’ और ‘स्मार्ट जोन’ के नाम से मोबाइल और लैपटॉप की दुकानें संचालित करते थे। राजीव प्लाजा में उनकी चार दुकानें थीं, जबकि शहर के अलग-अलग इलाकों में कुल 7 दुकानें चल रही थीं। व्यापारियों का कहना है कि आरोपियों ने उनसे मोबाइल, लैपटॉप और एसेसरीज इस शर्त पर उधार ली थीं कि सामान बिकने के बाद भुगतान कर दिया जाएगा। यदि सामान नहीं बिकता है तो उसे वापस लौटा दिया जाएगा। हालांकि, आरोप है कि न तो भुगतान किया गया और न ही माल लौटाया गया। जब थोक कारोबारी पैसे मांगते थे तो अमित हबलानी उन्हें टाल देते थे। CCTV फुटेज में कार में सामान भरते दिखने का दावा व्यापारियों के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात यानी 23 नवंबर को करीब 1:30 बजे अमित हबलानी अपनी पत्नी और पिता के साथ XUV-700 कार (MP07-ZZ-7888) से राजीव प्लाजा पहुंचे थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर दुकानों में रखा उधार का पूरा सामान कार में भरा और ग्वालियर से चले गए। व्यापारियों ने पुलिस को इस घटना से जुड़े CCTV फुटेज उपलब्ध कराने की बात भी कही है। सभी 7 दुकानों पर ताले मिले, व्यापारियों में आक्रोश मंगलवार को जब राजीव प्लाजा के व्यापारी अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ‘द मोबाइल प्लस’ और ‘स्मार्ट जोन’ बंद मिले। दोपहर 12 बजे तक दुकानें नहीं खुलने पर व्यापारियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने आसपास जानकारी जुटाई तो पता चला कि राजीव प्लाजा में अमित की चारों दुकानों के शटर बंद हैं। दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारी भी बाहर खड़े रहे, लेकिन उन्हें भी कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद व्यापारियों ने टोपी बाजार, थाटीपुर और जयेन्द्रगंज स्थित उनके अन्य प्रतिष्ठानों का पता लगाया। वहां भी दुकानें बंद मिलीं। इसके बाद उधार पर करोड़ों रुपए का माल देने वाले व्यापारी आक्रोशित होकर थाने पहुंच गए। 15 से अधिक फर्मों और फाइनेंस कंपनी ने की शिकायत शिकायत करने वाले व्यापारियों में शहर के कई बड़े मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर और कारोबारी शामिल हैं। इनमें मारुति कम्युनिकेशन (संदीप गांगिल), मोहित इंटरप्राइजेज (नितिन कालानी), श्री राधिका एजेंसी (योगेश बंसल), साईं कृपा मोबाइल, गुलाब मोबाइल (अनूप कालानी), अरिहंत इंटरप्राइजेज (अंशुल जैन), आदिनाथ मार्केटिंग, नित्या ट्रेडर्स, अग्रवाल मोबाइल (सचिन अग्रवाल), गोस्वामी मोबाइल (सतीश गोस्वामी), एचपी टेलीकॉम और बजाज फाइनेंस सहित 15 से अधिक व्यापारी और संस्थान शामिल हैं। विदेश भागने की आशंका, पुलिस को दिए पासपोर्ट और कार के नंबर व्यापारियों को आशंका है कि आरोपी माल खुर्द-बुर्द करने के बाद विदेश भाग सकते हैं। इस आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर, पासपोर्ट नंबर और कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सौंपा है। व्यापारियों ने पुलिस से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है और आरोप लगाए गए हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।