नई दिल्ली। दिल्ली में फ्लाईओवरों के नीचे खाली पड़ी जगहों का इस्तेमाल अब सुरक्षा बढ़ाने और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर शहरभर में 400 से 500 पुलिस बूथ बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इन बूथों का निर्माण PWD अपने खर्च पर कराएगा और बाद में दिल्ली पुलिस को सौंप देगा। इससे व्यस्त चौराहों और प्रमुख सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने गुरुवार को चिराग दिल्ली और IIT दिल्ली फ्लाईओवर का निरीक्षण कर निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवरों के नीचे की जगहों का इस्तेमाल जनहित में होना चाहिए। पुलिस बूथ बनने से लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
CSR फंड से कराया जा रहा सौंदर्यीकरण
मंत्री ने बताया कि बड़ी कंपनियों के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड से फ्लाईओवरों के नीचे सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। कंपनियों के साथ हुए समझौतों में दो से तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इंडियन ऑयल ने पांच फ्लाईओवरों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी ली है।
हर फ्लाईओवर के नीचे की जगह की थीम आसपास के क्षेत्र की पहचान और जरूरत के अनुसार तय की गई है। इसका उद्देश्य खाली स्थानों को आकर्षक बनाने के साथ उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
छह फ्लाईओवरों पर होंगी अलग-अलग थीम
योजना के तहत छह स्थानों पर अलग-अलग विषयों के आधार पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
- चिराग दिल्ली: प्रकृति और वन्यजीव
- पंचशील: भारतीय शास्त्रीय नृत्य और आधुनिक कला
- IIT दिल्ली: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
- पंजाबी बाग: योगशाला
- मुकरबा चौक: इंटर ट्रांजिट हब
- अरबिंदो मार्ग: रंग-बिरंगी कलाकृतियां
चिराग दिल्ली में हरियाली, IIT फ्लाईओवर पर दिखेगी तकनीक
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे खाली जगह को हरियाली और कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। यहां दीवारों पर पक्षियों, वन्यजीवों और पेड़-पौधों से जुड़ी पेंटिंग बनाई जाएंगी। इसके साथ ही विभिन्न इंस्टॉलेशन भी लगाए जाएंगे।
वहीं, IIT दिल्ली फ्लाईओवर के नीचे विज्ञान और तकनीक पर आधारित कलाकृतियां विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं के जरिए फ्लाईओवरों के नीचे की खाली जगह को उपयोगी और आकर्षक बनाने की योजना है।




