जबलपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली में शामिल होने के लिए जबलपुर से कार्यकर्ता शुक्रवार को रवाना हुए। स्टेशन पर रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने आमजन से भी रैली में शामिल होकर लोकतंत्र बचाने की अपील की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने बताया कि जबलपुर ही नहीं, बल्कि देशभर से लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोग महारैली में शामिल होंगे। उनके मुताबिक, कांग्रेस के साथ गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता भी लगातार रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं।
शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर संविधान को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा। उनके अनुसार, जबलपुर से अब तक करीब 1000 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं।
वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि देश में संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाकर वोट चोरी के जरिए सरकारें बनाई जा रही हैं। इन आरोपों के विरोध में 1 नवंबर को होने वाली महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे इस मांग को लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं और इस्तीफे की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।
तीन दिन से दिल्ली रवाना हो रहे कार्यकर्ता
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा के मुताबिक, पिछले तीन दिनों से जबलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महारैली के जरिए अपनी मांगों और विरोध को सामने रखने की बात कही है।







































