भोपाल में खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने के आरोपी रामानुज गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद अब उसके तीन वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में वह नोट गिनता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी मिला है। पुलिस अब कार्ड की प्रामाणिकता और आरोपी के राजनीतिक व अन्य संपर्कों की जांच कर रही है।
गांधी नगर पुलिस ने करीब 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर को मंगलवार रात गिरफ्तार किया था। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। मूल रूप से नरसिंहगढ़ क्षेत्र का रहने वाला आरोपी भोपाल की एयरोसिटी कॉलोनी में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था।
पुलिस जांच का एक अहम पहलू यह है कि आरोपी सरकारी अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा करके लोगों से रकम कैसे वसूलता था और उसके संपर्क किन लोगों से थे।
अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि वह सरकारी काम कराने, आर्म्स लाइसेंस बनवाने और टेंडर दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए वसूलता था। अलग-अलग शिकायतों में ठगी की कुल रकम करोड़ों रुपए तक बताई जा रही है।
नोट गिनते हुए तीन वीडियो सामने आए
मामले में सामने आए तीन वीडियो में रामानुज गुर्जर नोट गिनता नजर आ रहा है। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि ये कब के हैं और इनमें दिखाई दे रही रकम का किसी शिकायत या ठगी के मामले से संबंध है या नहीं।
आरोपी के पास से भाजपा की सदस्यता का कार्ड भी मिला है। पुलिस यह पता लगा रही है कि कार्ड कब और किस प्रक्रिया के तहत जारी किया गया था। हालांकि, सिर्फ सदस्यता कार्ड मिलने से किसी राजनीतिक पद या संरक्षण की पुष्टि नहीं होती है।
आर्म्स लाइसेंस के नाम पर वसूले 7 लाख रुपए
हालिया शिकायत में आरोपी ने एक व्यक्ति को आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया था। उसने दावा किया था कि कलेक्टर कार्यालय में उसकी अच्छी पहचान है और वह आसानी से लाइसेंस बनवा सकता है।
इसके बदले फरियादी से दो बार में 3 लाख रुपए नकद लिए गए। इसके अलावा 3 लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और 1 लाख रुपए की डीडी अपने खाते में जमा करा ली। इस तरह कुल 7 लाख रुपए लेने के बाद भी लाइसेंस नहीं बनवाया।
14 साल पहले भी IAS बनकर कर चुका है ठगी
आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी सामने आया है। करीब 2012 में जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र में उसने खुद को IAS अधिकारी और प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ अधिकारी बताकर एक फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी हासिल की थी।
आरोप है कि इस दौरान उसने करीब 5 लाख रुपए लिए थे। शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने नाम और पहचान बदलकर दोबारा ठगी शुरू कर दी।
डॉक्टर से 30 लाख और सरपंचों से टेंडर के नाम पर ठगी की शिकायत
पुलिस को मिली शिकायतों के अनुसार, आरोपी ने एक डॉक्टर को प्लॉट दिलाने का झांसा देकर करीब 30 लाख रुपए लिए थे। वहीं, कुछ सरपंचों से सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर रकम वसूलने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
आरोपी लोगों को भरोसे में लेने के लिए बड़े अधिकारियों से करीबी और सरकारी तंत्र में ऊंची पहुंच होने का दावा करता था।
डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक, आरोपी के पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल एक मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य शिकायतों की जांच जारी है। पुलिस उसके वीडियो, सदस्यता कार्ड और संपर्कों से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।


