सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की भारी खेप पकड़ी है। शुक्रवार को मोतीनगर पुलिस ने भोपाल से सागर आ रही एक स्लीपर बस से 10 पेटी देशी शराब बरामद की।
यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शक्ति ट्रेवल्स की स्लीपर बस (MP40-ZE-4929) में गैरकानूनी तरीके से शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस ने चौराहे पर नाकाबंदी की और जैसे ही बस वहां पहुंची, टीम ने उसे रोककर सघन जांच शुरू की।
जांच के दौरान बस की डिक्की खोली गई, जहां से 10 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में बस ड्राइवर ने अपना नाम राज पिता बटनलाल मालवीय (24 वर्ष), निवासी आनंद नगर, भोपाल बताया। वहीं कंडक्टर की पहचान मनोज पिता मथुरा प्रसाद तिवारी (45 वर्ष), निवासी सिरसौदा, रायसेन के रूप में हुई।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज(deshharpal.com)
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस और बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और किसे पहुंचाई जानी थी। जांच जारी है और जल्द ही इस गिरोह के अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंच सकती है।
