भरतपुर। बिहार के खगड़िया में एसपी पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी भानुप्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब भरतपुर के मथुरा गेट थाने तक पहुंच गया है। पत्नी पूजा ने थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति उनकी छह साल की बेटी को उनसे दूर करना चाहते हैं।
पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूजा देर रात तक मथुरा गेट थाने में बैठी रहीं।
ससुराल पहुंचीं, लेकिन नहीं खुला दरवाजा
पूजा के मुताबिक, वह बिहार से भरतपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले गीता कॉलोनी स्थित अपने ससुराल गईं। उन्होंने करीब एक घंटे तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने गेट नहीं खोला।
इसके बाद वह विजय नगर स्थित अपनी ननद के घर पहुंचीं। पूजा का कहना है कि वहां भी दरवाजा नहीं खोला गया। परेशान होकर उन्होंने मथुरा गेट थाने पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से भानुप्रताप सिंह अपनी छह साल की बेटी के साथ भरतपुर में थे। पत्नी के भरतपुर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद वह शहर से निकल गए।
पुलिस ने फोन पर की अधिकारी से बात
थाने पहुंचने के बाद एसएचओ ने भानुप्रताप सिंह से फोन पर बातचीत की। इसके बाद पुलिस ने मामले को पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पूजा देर रात तक थाने में ही बैठी रहीं।
2015 में हुई थी मुलाकात, 2016 में शादी
पूजा ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनकी मुलाकात भानुप्रताप सिंह से वर्ष 2015 में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। परिवार की नाराजगी के बावजूद दोनों ने 16 जनवरी 2016 को शादी कर ली थी।
पूजा के अनुसार, शादी के बाद करीब पांच साल तक उन्होंने भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम किया। इसी दौरान भानुप्रताप सिंह ने यूपीएससी की तैयारी की और चयन के बाद पुलिस सेवा में चले गए।
उनका कहना है कि शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। अब स्थिति छह साल की बेटी को लेकर भी विवाद तक पहुंच गई है।
मूल रूप से फतेहपुर सीकरी के रहने वाले हैं IPS
भानुप्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी के रहने वाले बताए गए हैं। उनका परिवार भरतपुर शहर की गीता कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है।
वहीं पूजा का मायका झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी तहसील के तिवारी का वास में बताया गया है। फिलहाल पति-पत्नी के बीच चल रहे इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों की स्थिति सामने आना बाकी है।

