छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने ही केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक पीड़ित के साथ ASI ने मारपीट कर दी। आरोप है कि ASI ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि 15-20 थप्पड़ भी जड़ दिए, जिससे युवक का कान सुन्न पड़ गया।
“तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा…”
पीड़ित विनोद जायसवाल का आरोप है कि ASI दिनेश तिवारी ने गुस्से में आकर कहा— “बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा” और इसके बाद मारपीट शुरू कर दी।
केस की जानकारी मांगने गया था पीड़ित
पूरा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचा था।
दोपहर करीब 2:30 बजे उसने ASI दिनेश तिवारी से जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की बात कही। इसी बात पर ASI भड़क गया और कथित तौर पर मारपीट कर दी।
रिश्वत मांगने का भी आरोप
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले ASI पैसे मांग रहा था। घटना के समय थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
SSP ने लिया एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही SSP रजनेश सिंह ने सख्त कदम उठाते हुए ASI दिनेश तिवारी को तत्काल सस्पेंड कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

ASI के खिलाफ FIR दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में ASI के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मारपीट के बाद विनोद को सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत है।

मंत्री से रिश्तेदारी का दावा
विनोद जायसवाल खुद को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार बताता है। वह पहले कोयला कारोबार से जुड़ा रहा है और स्थानीय राजनीति में भी उसकी पहचान बताई जा रही है।
👉 ऐसी ही सच्ची और असरदार खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
