Congress आलाकमान ने गुरुवार को अपने महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के अध्यक्षों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, संगठन से जुड़े कामकाज की समीक्षा और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने संगठन की जमीनी स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को बूथ स्तर पर उठाने की बात हो रही है, वहां असल में संगठन मौजूद ही नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जब बूथ लेवल पर संगठन ही मजबूत नहीं है, तो सिर्फ बड़े-बड़े ऐलान करने का क्या फायदा होगा?
प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि हर मुद्दे पर आंदोलन और प्रदर्शन करने के बजाय पार्टी को फोकस होकर काम करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि एक समय में जनता से जुड़े दो अहम मुद्दों को चुनकर उन पर लगातार काम किया जाए, ताकि असरदार नतीजे मिल सकें।
इस बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए रणनीति तैयार करना बताया जा रहा है।
