रायपुर। त्योहारों के दौरान बाजारों में लगने वाले जाम और बढ़ती भीड़ से निपटने के लिए रायपुर पुलिस व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स की मदद लेगी। इसके लिए ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाने, चेकिंग तेज करने और चोरी-उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने को कहा गया है।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा एवं समन्वय बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, CSP, DSP और रक्षित निरीक्षक शामिल हुए।
व्यापारिक संगठनों की मदद से बनेगी ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात सुचारु रखने के लिए व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही सड़कों और प्रमुख चौराहों पर लगे CCTV कैमरों का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। पुलिस को बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा चेकिंग के जरिए चोरी, उठाईगिरी और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
थानों के कामकाज की भी होगी समीक्षा
बैठक में IG ने थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करने और वरिष्ठ अधिकारियों को थानों के कामकाज की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। CSP और DSP स्तर के अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर अपराधों की जांच और कानून-व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया।
लंबित अपराधों की समयबद्ध जांच, तय समयसीमा में चालान पेश करने और पुराने मामलों के निराकरण पर भी जोर दिया गया। समन और वारंट की तामिली के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग और न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।
साइबर ठगी और जमीन विवादों पर भी फोकस
IG अमरेश कुमार मिश्रा ने साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करने को कहा। जमीन विवादों में समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण जांच करने और आरोपियों की जमानत का प्रभावी विरोध करने पर जोर दिया गया।
IG ने पुलिस अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रखने और नागरिकों को समय पर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।







































