नई दिल्ली। मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में 51 बेटियों का पहला करवाचौथ धूमधाम से मनाया गया। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेटियों के साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें पहले करवाचौथ की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि गैर-सरकारी संस्था लाडली फाउंडेशन ने इसी साल मार्च में इन 51 बेटियों का सामूहिक विवाह कराया था। अब विवाह के बाद उनके पहले करवाचौथ को यादगार बनाने के लिए संस्था की ओर से प्रत्येक बेटी को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। इस तरह कुल 51 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई।
‘प्रेम और विश्वास का बंधन हमेशा मजबूत रहे’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बेटियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हर बेटी के जीवन में पहला करवाचौथ बेहद खास होता है। उन्होंने कामना की कि उनके वैवाहिक जीवन में प्रेम और विश्वास का रिश्ता हर दिन और मजबूत हो तथा घर-आंगन में सुख, सौभाग्य और समृद्धि बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने लाडली फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए संस्था को इस आत्मीय प्रयास के लिए साधुवाद दिया।
विवाह के बाद भी बेटियों को सहयोग
कार्यक्रम में लाडली फाउंडेशन के संस्थापक देवेंद्र कुमार सहित संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
संस्था की ओर से विवाह के बाद भी बेटियों के जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर आर्थिक और सामाजिक सहयोग देने की पहल को सराहा गया। पहले करवाचौथ पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवविवाहित जोड़ों की खुशियों में शामिल होना और बेटियों को आगे के जीवन के लिए प्रोत्साहित करना रहा।




