जींद। हरियाणा के जींद जिले में नरवाना CIA पुलिस ने कंस्ट्रक्शन ठेकेदार और उसके दोस्त का अपहरण कर मारपीट करने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी दोनों युवकों को नरवाना से अगवा कर टोहाना ले गए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना को लेकर 24 अक्टूबर को सदर थाना पुलिस सिटी में केस दर्ज किया गया था।
CIA और सिटी पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान
नरवाना CIA प्रभारी यादवेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस को 24 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि नरवाना के पुराने बस स्टैंड के पास स्कॉर्पियो सवार 5-6 युवक दो युवकों का अपहरण कर ले गए हैं। आरोपियों द्वारा उनकी आई-20 कार छीनने की सूचना भी मिली थी।
सूचना मिलते ही CIA और नरवाना सिटी पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। दोनों युवक नरवाना में सकुशल मिले। पुलिस इस मामले में पहले अरमान, साहिल और जस्सा को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टोहाना निवासी संजीव तथा नरवाना निवासी आजाद और कर्मा के रूप में बताई गई है।
रेलवे स्टेशन से लौटते समय हुआ था विवाद
नरवाना निवासी अमित उर्फ टोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हांसी में कंस्ट्रक्शन का काम करता है। 24 अक्टूबर की रात वह अपने दोस्त बृजेश के साथ एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था।
वापसी के दौरान दोनों पुराने बस स्टैंड के पास खाने-पीने का सामान लेने पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान अरमान अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में वहां पहुंचा। आरोप है कि युवकों ने अमित और बृजेश के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर टोहाना की एक बंद पड़ी पशु डेयरी में ले गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दोनों की आई-20 कार की चाबी छीन ली और कार अपने साथ ले गए। अमित ने बताया कि वह एक-दो दिन पहले ही हांसी से घर लौटा था।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




