दिल्ली भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ पूर्वी दिल्ली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। भाजपा ने विपक्ष पर आंदोलनों की आड़ में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विकास मार्ग पर करकड़ी मोड़ से निर्माण विहार तक मार्च किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को पैम्फलेट बांटे और विपक्ष के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया। पदयात्रा में दिल्ली भाजपा प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए।
अर्जुन राम मेघवाल बोले- विपक्ष के पास आरोपों के ठोस प्रमाण नहीं
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस और विपक्षी नेताओं पर चुनाव आयोग को लेकर लगातार आरोप लगाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल तो उठा रहा है, लेकिन अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं कर रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी को दी संसद में बहस की चुनौती
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राहुल गांधी को संसद में बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसी भी मुद्दे पर चर्चा करनी है तो उसे संसद में आना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है।
विनय सहस्रबुद्धे बोले- लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरी भाजपा
भाजपा प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर जनजागरण भी करती है। उन्होंने विपक्ष पर देश में अराजक माहौल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।






































