नई दिल्ली। भारत ने न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-2 से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। जीत के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मानसिक मजबूती की तारीफ की। उन्होंने कहा, “मेरी डिक्शनरी और डायरेक्टरी में डर नाम का कोई शब्द नहीं है।”
गंभीर ने सीरीज के पहले मुकाबले का उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय टीम ने 15 घंटे की लंबी फ्लाइट के बाद केवल एक अभ्यास सत्र किया था। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर जीत हासिल की। वहीं, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने माना कि गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार की गुंजाइश है।
न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने पांच मैचों में कुल 341 रन बनाए।
थकान के बावजूद टीम ने हासिल की जीत
गौतम गंभीर ने कहा कि विदेशी परिस्थितियों में खेलते समय टीम को मुश्किल हालात से घबराना नहीं चाहिए। न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद खिलाड़ियों को लंबी यात्रा और अभ्यास के लिए कम समय मिला था। इसके बावजूद पहले मैच में जीत हासिल करना टीम की मानसिक मजबूती को दर्शाता है।
सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर भारत ने बढ़त बना ली थी। हालांकि, न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए आखिरी दोनों मैच अपने नाम किए। इस तरह भारत ने सीरीज 3-2 से जीती।
ध्यान अब वनडे सीरीज पर : अय्यर
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि न्यूजीलैंड में खेलते समय खिलाड़ियों को अलग तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आसमान में तेज रोशनी और मैदान पर अंधेरे जैसी स्थिति का जिक्र किया। उनके मुताबिक, ऐसी परिस्थितियां भारत में आमतौर पर देखने को नहीं मिलतीं।
अय्यर ने यह भी माना कि टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। अब भारतीय टीम का ध्यान आगामी वनडे सीरीज पर है।
ऋषभ पंत की चोट पर गंभीर के पास अपडेट नहीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौतम गंभीर से विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की उपलब्धता को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास पंत की चोट को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
सीरीज का नतीजा न्यूजीलैंड के पक्ष में भी हो सकता था : सैंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि पांच मैचों की सीरीज काफी करीबी रही। उनके मुताबिक, शुरुआती दो मुकाबलों में न्यूजीलैंड के पास कुछ मौके थे, जिन्हें टीम भुना नहीं सकी। अगर उन मौकों पर बेहतर प्रदर्शन होता तो सीरीज का नतीजा न्यूजीलैंड के पक्ष में भी जा सकता था।
सैंटनर ने आखिरी दो मैचों में गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने बताया कि गेंदबाजों ने परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति बदली और यॉर्कर, वाइड गेंदों तथा सही लेंथ का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि टीम अपनी कमियों पर चर्चा करेगी, लेकिन फिलहाल खिलाड़ियों का ध्यान वनडे सीरीज पर है और टीम का माहौल अच्छा है।

