खंडवा। जिले के जावर थाना क्षेत्र के ग्राम डेबरी फाल्या कैसून में पुलिस ने दो अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध खेती पकड़ी है। यहां कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने दोनों खेतों से कुल 221 पौधे जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले खेत से 110 गांजे के पौधे जब्त
टीआई सुलोचना गहलोत के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के दो किसान अपने खेतों में गांजे की खेती कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने दोनों खेतों पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई में दरियावसिंह पिता सवर्ण निंगवाल (48) के घर के पास स्थित खेत की तलाशी ली गई। यहां कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के 110 पौधे मिले। पुलिस के मुताबिक, इनका कुल वजन 195.361 किलोग्राम था। पुलिस ने पौधे जब्त कर दरियावसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे खेत में मिले 111 पौधे
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने भूरु उर्फ राजेश पिता सागर भीलाला (40) के खेत में दबिश दी। यहां भी कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने मौके से 111 पौधे जब्त किए, जिनका वजन 100.339 किलोग्राम बताया गया है। इस मामले में भूरु उर्फ राजेश को भी गिरफ्तार किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों मामलों में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि खेतों में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और जब्त पौधों का इस्तेमाल या बिक्री कहां की जानी थी।


