सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में लगातार बारिश के चलते गुरुवार रात लैंडस्लाइड हो गई। इसमें 20 से ज्यादा घर और सरकारी क्वार्टर बह गए। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ओडिशा में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा
बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात अब कमजोर पड़ गया है। इसके बावजूद ओडिशा में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।
राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में निचले इलाकों और लैंडस्लाइड की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले करीब 10 हजार लोगों को 200 राहत केंद्रों में भेजा गया है। चक्रवात का असर 9 राज्यों में बताया जा रहा है।
4 राज्यों में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ बारिश होने का भी अनुमान है।
MP के 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने के कारण कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। जबलपुर समेत 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के 16 जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है।
बिहार के 19 जिलों में यलो अलर्ट
बिहार में आज 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
हरियाणा के 6 जिलों में बारिश की संभावना
हरियाणा में भी कई जिलों में बारिश का अनुमान है। यमुनानगर, करनाल और पानीपत समेत 6 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।



