जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 11:30 बजे भेड़ाघाट चौराहे पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक सहित करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। उसके पैरों में गंभीर चोट आई है।
स्थानीय लोगों ने डंपर के नीचे फंसे युवक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर भेड़ाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेत से भरे डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक सहित 20 मीटर तक घिसटा युवक
जानकारी के मुताबिक, युवक बाइक क्रमांक MP 20 ZG 4708 से जबलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान भेड़ाघाट चौराहे पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक बाइक समेत डंपर के नीचे फंस गया और करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। युवक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।
डंपर पर नहीं थी नंबर प्लेट, साइड में लिखे थे अस्पष्ट नंबर
बताया जा रहा है कि डंपर नर्मदा नदी से कथित तौर पर अवैध रेत लेकर शहर की ओर आ रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, डंपर के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन के साइड में पीले रंग से कुछ नंबर लिखे हुए थे, लेकिन वे स्पष्ट नहीं थे।
पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप- रातभर होता है अवैध रेत परिवहन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरस्वती घाट से रातभर बिना नंबर प्लेट वाले हाईवा और बड़े ट्रकों के जरिए रेत और पीली मिट्टी का कथित अवैध उत्खनन और परिवहन किया जाता है। लोगों ने इस गतिविधि में खनिज विभाग और पुलिस के संरक्षण की आशंका भी जताई है।
हादसे के बाद लोगों ने जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना नंबर प्लेट वाले भारी वाहन रातभर सड़कों पर दौड़ते हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।
थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी से किया इनकार
मामले में भेड़ाघाट थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क कर जानकारी मांगी गई तो उन्होंने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। हालांकि, पुलिस द्वारा डंपर जब्त करने और चालक को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है।
थाना प्रभारी के जवाब के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र में कथित अवैध रेत परिवहन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







































