भोपाल के परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। युवक की हत्या उसकी पत्नी ने ड्रिल मशीन की रॉड से सिर पर वार करके की थी। पति के साथ विवाद और मारपीट से नाराज पत्नी ने गुस्से में हमला कर दिया। वार लगने से पति कुएं में गिर गया, जहां उसकी मौत हो गई।
इसके बाद महिला के भाई और भांजे ने शव को कुएं से निकालकर दूसरे थाना क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया, ताकि पुलिस को घटना की जानकारी न मिल सके। वहीं, खेत मालिक को भी वारदात के बारे में पता था, लेकिन उसने पुलिस को सूचना नहीं दी।
पुलिस ने पत्नी, साले, भांजे और खेत मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के मुताबिक, सोमवार को ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान रायसेन जिले के ग्राम चांदपुर निवासी रमेश बंजारा (35) के रूप में हुई। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि रमेश अपनी पत्नी मीना बाई, साले लक्ष्मण और भांजे जगदीश के साथ कुआं खोदने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से सभी गुनगा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी में भारत सिंह के खेत पर कुआं खोद रहे थे।
रविवार शाम काम खत्म होने के बाद रमेश और मीना बाई के बीच विवाद हो गया। इस दौरान रमेश ने पत्नी के साथ मारपीट की। इससे नाराज मीना ने पास रखी ड्रिल मशीन की रॉड उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से रमेश कुएं में जा गिरा।
कुएं से निकालकर दूसरे थाना क्षेत्र के जंगल में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने रमेश को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद लक्ष्मण और जगदीश ने शव को वहां से हटाया और परवलिया सड़क थाना क्षेत्र के ग्राम बगोनिया में लाल तालाब के पास जंगल में फेंक दिया।
खेत मालिक भारत सिंह को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन उसने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। मर्ग जांच में हत्या और साक्ष्य छिपाने के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस ने मीना बाई, लक्ष्मण और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, खेत मालिक भारत सिंह की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है


