लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर 27% OBC आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है। राहुल गांधी ने 22 सितंबर को लिखे इस पत्र को सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े कई मुद्दे उठाए। इनमें OBC आरक्षण के चलते लंबे समय से रुकी नियुक्तियों का मामला भी शामिल था।
2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी
राहुल गांधी के मुताबिक, अभ्यर्थियों ने संबंधित परीक्षाएं पास करने के साथ चयन प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। हालांकि, 87:13 व्यवस्था के तहत OBC आरक्षण से जुड़े 13% पदों को होल्ड रखा गया है।
पत्र में दावा किया गया है कि इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि लंबे इंतजार के कारण युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
राहुल बोले- सभी दलों ने 27% आरक्षण का समर्थन किया था
राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि 27% OBC आरक्षण को सभी दलों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था, लेकिन इसके बावजूद मामले का समाधान अब तक नहीं हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की मांगों पर ध्यान देने और 27% OBC आरक्षण लागू करने के साथ सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की।
राहुल गांधी ने लिखा कि चार साल से अधिक समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं का समय अब और बर्बाद नहीं होना चाहिए।
इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ में उठा था मुद्दा
19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने सरकारी परीक्षा पास करने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था।
छात्रा ने बताया था कि भर्ती प्रक्रिया में 13% नियुक्तियां कानूनी विवाद के चलते रोकी गई हैं। इसी मुद्दे का उल्लेख राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में किया है।
CM मोहन यादव ने कही थी तथ्यों के साथ संवाद की बात
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि शिक्षा और युवाओं जैसे विषयों पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ संवाद होना चाहिए।
अब राहुल गांधी के पत्र के बाद 27% OBC आरक्षण और लंबित नियुक्तियों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

