भोपाल। नीलबड़ क्षेत्र से सटे गांव रसूलिया भानपुर में आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घर में चल रही दो हाथ भट्टियां पकड़ीं। टीम ने मौके से अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में महुआ लाहन और अन्य सामग्री जब्त की।
वहीं, बैरसिया रोड स्थित तरावली जोड़ पर सड़क किनारे पन्नियों में अवैध शराब बेच रही एक महिला टीम को देखकर मौके से भाग निकली। कार्रवाई के दौरान टीम ने 15 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब जब्त की।
घर में चल रही थीं दो हाथ भट्टियां
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के आदेश के बाद कंट्रोलर आरजी भदौरिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
रसूलिया भानपुर में आबकारी टीम ने औचक दबिश देकर दो चलती हुई हाथ भट्टियां पकड़ीं। मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला महुआ लाहन और अन्य सामग्री जब्त की गई। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क और च के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।
सड़क किनारे शराब बेच रही महिला भागी
एक अन्य टीम ने बैरसिया के तरावली जोड़ पर कार्रवाई की। यहां सड़क किनारे पन्नियों में 15 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा बिक्री के लिए रखी मिली।
बताया गया कि शराब एक महिला द्वारा बेची जा रही थी। आबकारी टीम को देखते ही महिला मौके से भागने में सफल रही। विभाग अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रहा है।
वाइन शॉप के बाहर अवैध अहाते पर कार्रवाई
इधर, शनिवार रात नगर निगम की टीम ने विजय नगर चांदबड़ स्थित एक वाइन शॉप पर भी कार्रवाई की। रहवासियों की शिकायत के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान लाइसेंसी वाइन शॉप के बाहर अहाता बनाकर लोगों को शराब पिलाने की बात सामने आई। कार्रवाई करते हुए शॉप संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अवैध शराब पर लगातार कार्रवाई
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ ने कहा कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

