इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र की इंद्रपुरी कॉलोनी में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। विधायक मधु वर्मा के घर के पास स्थित एक लाइब्रेरी की तीसरी मंजिल पर लगा करीब 10 फीट लंबा एल्युमिनियम शेड अचानक नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
राहत की बात यह रही कि शेड गिरने के समय लाइब्रेरी में कोई बच्चा मौजूद नहीं था। समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
बारिश के कारण छत पर जमा हुआ था पानी
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण लाइब्रेरी की तीसरी मंजिल की छत पर पानी जमा हो गया था। पानी का वजन बढ़ने के कारण एल्युमिनियम शेड पर दबाव पड़ा और वह नीचे आ गिरा।
वहीं, लाइब्रेरी में मेंटेनेंस का काम भी चल रहा था। बारिश का पानी अंदर आने के बाद संचालक ने लाइब्रेरी में मौजूद बच्चों को तुरंत बाहर निकाल दिया था।
पानी निकालने पहुंचे थे संचालक, तभी गिरा शेड
लाइब्रेरी संचालक अनिल बागड़ी के मुताबिक, घटना के समय शेड के नीचे कोई बच्चा मौजूद नहीं था। वह खुद छत पर जमा बारिश का पानी बाहर निकालने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक शेड नीचे गिर गया।
उन्होंने बताया कि शेड एल्युमिनियम का बना हुआ था और बारिश के कारण छत पर पानी जमा होने से उसका वजन बढ़ गया था। इसी वजह से शेड गिरने की घटना हुई।
समय रहते बच्चों को बाहर निकालने से टला बड़ा हादसा
शेड गिरने के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि घटना से पहले बच्चों को लाइब्रेरी से बाहर निकाल लिया गया था। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना ने बारिश के दौरान भवनों और छतों पर जलभराव के कारण होने वाले संभावित हादसों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
