सागर। सागर के बंडा क्षेत्र में हुए शराबकांड के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने बंडा के अलग-अलग गांवों में जाकर शराब सेवन से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इसके बाद दिग्विजय सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने शराब सेवन से प्रभावित मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी। मरीजों ने बताया कि उन्होंने गांव में बिक रही शराब खरीदकर पी थी।
दिग्विजय सिंह बोले- अवैध शराब का धंधा व्यापक रूप ले चुका
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शराबकांड को लेकर कहा कि अवैध शराब का कारोबार व्यापक रूप ले चुका है और पूरे मामले की विधिवत जांच होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि संबंधित शराब अगस्त के तीसरे सप्ताह से शुरू हुई और 3 से 5 सितंबर के बीच तैयार होकर दुकानों तक पहुंची। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि देशभर में खुलेआम शराब बिक रही है, लेकिन अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
“अवैध शराब का जो धंधा है, वह बहुत व्यापक रूप ले चुका है। इस पूरे मामले की विधिवत जांच होनी चाहिए।”
बोले- 50 फीसदी महिलाएं लिखकर दें तो दुकान बंद कर देते थे
दिग्विजय सिंह ने अपने पूर्व कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में अगर किसी क्षेत्र की 50 फीसदी महिलाएं लिखकर दे देती थीं, तो वहां की शराब दुकान बंद करवा दी जाती थी।
उन्होंने कहा कि शराबकांड से जुड़े हर मामले में अलग-अलग FIR दर्ज होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मुआवजे को लेकर सरकार से मांगा जवाब
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अब तक शराबकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि मुआवजा केवल संबल कार्डधारकों को दिया जाएगा या सभी मृतकों के परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद
दिग्विजय सिंह के दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा, शहर अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व विधायक तरवर लोधी, नारायण प्रजापति, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, जिला संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर, अजीत सिंह चील पहाड़ी, प्रमिला सिंह राजपूत और राजकुमार धनोरा समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।


