भोपाल। भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के चलते बुधवार, 4 नवंबर को भोपाल की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में सुबह 10 बजे टीटी नगर के अटल पथ पर सभा होगी। इसके बाद पदयात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अपने स्तर पर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद कुछ स्कूलों ने अवकाश घोषित करना शुरू कर दिया है। सेंट जोसेफ स्कूल, कोलार ने छुट्टी की घोषणा कर दी है।
स्कूलों को समय बदलने या छुट्टी पर फैसला लेने के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने 3 नवंबर को जारी आदेश में कहा है कि स्कूल प्रबंधन अपने विद्यालय की स्थिति, विद्यार्थियों के आने-जाने के रास्तों और बसों के संचालन का आकलन करें। इसके आधार पर 4 नवंबर को स्कूल के समय में बदलाव करने या संचालन के संबंध में आवश्यक निर्णय लें, ताकि विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी न हो।
स्कूल प्रबंधन को अपने निर्णय की जानकारी अभिभावकों, विद्यार्थियों और वाहन संचालकों को देनी होगी। साथ ही इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भी अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।
स्कूलों के रास्तों पर जाम की आशंका
यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है, जबकि भाजपा ने करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। इसके लिए लगभग 1200 बसों और 2 हजार चार पहिया वाहनों के भोपाल आने की संभावना है।
सुबह 8 बजे से भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा, लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में इन मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है।
स्कूल प्रबंधन को विशेष रूप से बसों के रूट, विद्यार्थियों के पहुंचने के समय और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखकर निर्णय लेने को कहा गया है।
अटल पथ से रोशनपुरा तक निकलेगी पदयात्रा
अटल पथ पर होने वाली सभा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे। सभा के बाद पदयात्रा अटल पथ से शुरू होकर न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक जाएगी।
मार्ग में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, विभिन्न सामाजिक और जाति-वर्ग के समूहों के साथ थर्ड जेंडर समुदाय की ओर से भी स्वागत मंच बनाए जाएंगे।
बसों के लिए तय किए गए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल
यातायात पुलिस ने बाहर से आने वाली बसों के लिए अलग-अलग मार्ग, यात्रियों को उतारने के स्थान और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। वापसी में बसें निर्धारित पार्किंग स्थल से ही यात्रियों को बैठाएंगी।
- विदिशा-रायसेन: पटेल नगर, खजूरी कलां तिराहा, पिपलानी रोड, महात्मा गांधी चौराहा, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस और लिंक रोड-1 से अपेक्स बैंक व टीटी क्रॉस होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्री उतरेंगे। पार्किंग एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में रहेगी।
- नर्मदापुरम-मंडीदीप-मिसरोद: नर्मदापुरम रोड, सावरकर सेतु, गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2, अर्जुन नगर, सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर से अटल पथ के पास यात्री उतरेंगे। पार्किंग अंबेडकर पार्क, तुलसी नगर के पास होगी।
- सीहोर-रातीबड़-नीलबड़: रातीबड़, नीलबड़, साखी ढाबा तिराहा, भदभदा और भारत माता चौराहा से होते हुए जवाहर चौक पर यात्री उतरेंगे। पार्किंग मॉडल स्कूल में रहेगी।
- मुबारकपुर बायपास: मुबारकपुरा, गांधीनगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक, बाणगंगा और रंगमहल से कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्री उतरेंगे। पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास होगी।
- पुराना शहर: भारत टॉकीज, लिली चौराहा, कंट्रोल रूम, गांधी पार्क और रोशनपुरा से होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्री उतरेंगे। पार्किंग लाल परेड मैदान, रविंद्र भवन और खटलापुरा रोड पर रहेगी।









































